बिजनौर – जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह ने शनिवार को जिला जेल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल के अंदर कोई प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा बैरकों में कैदियों के सामानों एवं बिस्तरों की सघन तलाशी ली गयी।
डीएम ने बैरकों में नियमित रूप से साफ-सफाई कराने हेतु अधीक्षक को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जेल के अन्दर किसी भी तरह के प्रतिबन्धित सामाग्री को अन्दर कदापि न जाने दिया जाये। जिला कारागार में जिलाधिकारी ने कैदियों से बात-चीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने जिला कारागार में रसोई घर का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई से भोजन बनाये जाने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतिदिन समस्त बैरकों में बन्दियों की सघन तलाशी करायी जाये यदि किसी बन्दी के पास कोई आपत्तिजनक वस्तुयें बरामद हो तो तत्काल सम्बन्धित के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि बन्दियों के भोजन गुणवत्ता की भी समय पर जांच कराते रहे तथा शौचालय एवं नालियों आदि की समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए। पुलिस अधीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह ने जेल के अंदर सुरक्षा उपकरणों के बारे में जेल अधीक्षक से जानकारी ली और उन्हें देखा।


















