मंदिरो में हुई चोरियो का हुआ पर्दाफाश, शातिर चोर गिरफ्तार, माल बरामद

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,,काशीपुर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र के तीन मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक शातिर चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मंदिरों से चोरी की गई धार्मिक सामग्री, दान पात्र और नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 की रात नागन शक्ति मंदिर तथा 31 मई 2026 की रात नागनाथ मंदिर और गंगे बाबा मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में नागनाथ मंदिर के पुजारी गणेश नाथ महंत, गंगे बाबा मंदिर के संरक्षक राजेश शर्मा तथा नागन शक्ति मंदिर के सचिव अभिषेक कम्बोज द्वारा कोतवाली काशीपुर में तहरीर दी गई थी। पुलिस ने तीनों मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काशीपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सर्विलांस एवं मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान 6 जून 2026 को पुलिस ने नौगजा पुलिया के पास से तालिब हुसैन निवासी रेलवे पड़ाव रामनगर को चोरी के माल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों सन्नी और मोईन के साथ मिलकर मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी का सामान काशीपुर निवासी कबाड़ी जलीश अहमद को बेचा गया था।
इसके बाद पुलिस ने तालिब की निशानदेही पर कबाड़ी जलीश अहमद को उसकी दुकान से चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार तालिब हुसैन वर्ष 2022 में भी रामनगर थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
बरामद सामान में 15,420 रुपये नकद, दो नाग प्रतिमाएं, दो कलश, एक पीले रंग की गदा, तीन त्रिशूल, गुंबद में लगाए जाने वाले दो पीले धातु के कलश तथा 17 घंटियां शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में सन्नी पुत्र गोविंद सिंह निवासी रेलवे पड़ाव रामनगर और मोईन निवासी पूछड़ी रामनगर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
काशीपुर पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि धार्मिक स्थलों, घरों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य सुरक्षा उपाय अवश्य अपनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जनसहयोग और सतर्कता से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।


















