किसान इंटर कॉलेज कुंडेश्वरी में विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन

काशीपुर / उत्तराखंड,,,,,उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में मंगलवार को किसान इंटर कॉलेज कुंडेश्वरी में विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती ममता पंत के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना की सुंदर प्रस्तुति दी।

शिविर में श्रीमती ममता पंत ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, महिला अधिकार, नालसा की विभिन्न विधिक योजनाओं, नालसा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा साइबर सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी समस्या पर विधिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए नशे से दूर रहने की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि ग्राम हरिनगर ढकिया कला में मेगा ड्राइव चरण-1 की शुरुआत 25 अगस्त से हो चुकी है। इसके तहत पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLV) डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों की समस्याओं को दर्ज कर रहे हैं और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान कराया जा रहा है।



शिविर में पुलिस विभाग से मीना रावत, राजस्व विभाग, श्रम विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र / एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय से डॉ. सत्यम चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी।

60 से 70 छात्रों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर के दौरान लगभग 60 से 70 छात्र-छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं। वहीं श्रम विभाग एवं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा 10 से 15 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर काशीपुर क्षेत्र के समस्त पैरा लीगल वॉलंटियर्स मौजूद रहे।






