विश्व साक्षरता दिवस पर आर.एस. ढिल्लों जनता इंटर कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

काशीपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के मार्गदर्शन में आर.एस. ढिल्लों जनता इंटर कॉलेज, महादेव नगर, ग्राम पंचायत ढकिया कला, तहसील काशीपुर में विश्व साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर, श्रीमती ममता पंत जी की अध्यक्षता में माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।





इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती डिंपल कुमारी, विद्यालय का समस्त स्टाफ, पुलिस विभाग से एस.आई. श्री मनोज कुमार धोनी, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री उमेश जोशी, काशीपुर तहसील की समस्त पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) टीम तथा राष्ट्रीय मानव अधिकार चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती बलजिंदर कौर उपस्थित रहीं।
छात्र-छात्राओं को विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई
माननीय सचिव महोदया ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने विशेष रूप से निम्न विषयों पर जागरूक किया:
- पोक्सो अधिनियम, महिला अधिकार एवं बाल अधिकार
- साइबर सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव
- नशे से होने वाले दुष्परिणाम
- नालसा की विभिन्न विधिक सेवा योजनाएँ
उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति को विधिक सहायता की आवश्यकता होने पर वह नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड एवं OTP किसी के साथ साझा न करें, सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और नशे से दूर रहकर उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हों।
मेगा ड्राइव चरण-1 की जानकारी
माननीय सचिव महोदया ने बताया कि ग्राम हरिनगर, ढकिया कला में मेगा ड्राइव चरण-1 का शुभारंभ 25 अगस्त 2026 से किया गया है, जो 60 दिनों तक लगातार चलेगा।
इसके अंतर्गत काशीपुर क्षेत्र के PLV द्वारा डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों की समस्याओं को दर्ज किया जा रहा है तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान कराया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल सके।
इस शिविर में लगभग 210 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं को विधिक अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






