बिजनौर – जंगल से लौटते समय एक किसान की एचसी कंरट लगने से मौत हो गई। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने किसान के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। लोगों ने किसान की मौत के लिए विद्युत विभाग को जिम्मेदार ठहराया है।
मामला जनपद बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र के गांव मुस्सेपुर पाली का है। गाँव निवासी सहदेव सैनी पुत्र राम कुंवर सैनी सोमवार की सायं जंगल से पशुओं के लिये चारा लेकर लौट रहा था। इसी दौरान वह टूटकर लटक रहे 11000 क्षमता के तार के करंट की चपेट में आ गया। जिससे सहदेव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। करंट से सहदेव की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया तथा वे तत्काल मौके पर पहुँचे। देखते ही देखते जंगल में ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया।
इस दौरान लोगों ने विद्युत विभाग की लापरवाही के विरोध में आक्रोश व्यक्त किया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत किया तथा मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया। विद्युत विभाग, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुँच कर शोकाकुल परिवार का ठठांसा बंधाया तथा उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।


















