घर का ताला ग्राइंडर से काटकर घुसने का आरोप, मस्जिद कमेटी सचिव समेत 3 पर मुकदमा दर्ज

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,मौहल्ला खालसा निवासी एक व्यक्ति ने काजीबाग मस्जिद कमेटी के सदस्यों सहित 3 लोगों पर उसके घर का ताला काटकर अवैध रूप से घुसने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है शिकायत?
322, खालसा स्ट्रीट, काशीपुर निवासी काशिफ अली पुत्र साजिद अली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके दादा स्व. सैय्यद सईद अली वर्ष 1962 में पाउंड कीपर पद से सेवानिवृत्ति के बाद से उक्त मकान 332, खालसा स्ट्रीट, काशीपुर (वक्फ बोर्ड ऑफ उत्तराखंड, काजीबाग मस्जिद कमेटी वक्फ नंबर 14) में निवास करते आ रहे हैं। वह अपने दादा की तीसरी पीढ़ी हैं और वर्तमान में परिवार सहित इसी मकान में रह रहे हैं।
काशिफ ने बताया कि वह पॉलिसी बाजार में कार्यरत हैं, जिस कारण काम के सिलसिले में उनका परिवार सहित काशीपुर से रामनगर आना-जाना लगा रहता है।
कोर्ट में विचाराधीन है मामला
उनका अपने मकान मालिक काजीबाग मस्जिद कमेटी के साथ इसी मकान को लेकर वर्ष 2022 से वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट, हल्द्वानी में वाद संख्या 18/2022 विचाराधीन है, जिसमें न्यायालय द्वारा उनके पक्ष में स्थगन आदेश पारित है।
काशिफ का आरोप है कि इसी कारण विपक्षी अली अनवर से उनकी पूर्व से आपसी रंजिश चली आ रही है।

1 अगस्त की रात की घटना
रंजिश और न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद दिनांक 01 अगस्त 2026 को रात्रि लगभग 9:40 बजे सुनियोजित घटना को अंजाम दिया गया। उस समय शाकिर खान द्वारा फोन कर उन्हें अवगत कराया गया कि अली अनवर एवं कुछ अन्य व्यक्ति उनके घर का ताला ग्राइंडर से काट रहे हैं।
सूचना मिलते ही काशिफ मौके पर पहुंचे और स्वयं देखा कि विपक्षी अली अनवर (मस्जिद कमेटी सेक्रेटरी) ग्राइंडर से घर का ताला काट रहा था। उसके साथ दो अन्य व्यक्ति मौहम्मद उस्मान पुत्र मौहम्मद उमर (निवासी काजीबाग, काशीपुर, मस्जिद सदस्य) व आलमगीर पुत्र अब्दुल रशीद (निवासी अल्ली खां, काशीपुर) भी मौजूद थे।
विरोध करने पर तीनों ने उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
काशिफ ने बताया कि विपक्षियों का उद्देश्य उन्हें अवैध रूप से बेदखल कर घर में जबरन घुसना तथा बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देना था, जिससे मौहल्ले की शांति व्यवस्था भी भंग हुई। घटना को कई लोगों ने देखा है।
पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
काशिफ अली की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उक्त तीनों लोगों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 324(2), 332(सी), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एएसआई प्रकाश सिंह बोरा के हवाले की है।






