खड़कपुर देवीपुरा में 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार – पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,खड़कपुर देवीपुरा क्षेत्र से एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बच्ची के पिता ने क्षेत्र के ही एक 29 वर्षीय युवक पर आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ गलत हरकत की।
घटना की सूचना पर आईटीआई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मीनाक्षी मनराल को सौंपी गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






