रोडवेज चौकी पुलिस का सायंकालीन गश्त अभियान, संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ गलत पार्किंग पर कार्रवाई

ब्लैक फिल्म लगी कार से मौके पर उतरवाई गई फिल्म, सड़क पर बेतरतीब खड़े ऑटो और चार पहिया वाहनों को हटवाकर सुचारु कराया यातायात
वाराणसी। शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने के उद्देश्य से थाना सिगरा अंतर्गत रोडवेज चौकी पुलिस ने बुधवार को चौकी क्षेत्र में सायंकालीन गश्त के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। चौकी प्रभारी विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थानों और आवागमन वाले इलाकों में भ्रमण कर संदिग्ध वाहनों एवं वस्तुओं की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
गश्त के दौरान सड़क किनारे और यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे गलत तरीके से पार्क किए गए ऑटो तथा चार पहिया वाहनों को हटवाया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की हिदायत दी। वहीं, चेकिंग के दौरान एक चार पहिया वाहन में लगी काली फिल्म को नियमानुसार मौके पर ही उतरवाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
चौकी प्रभारी विकास सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ पूरे चौकी क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान में उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार समेत चौकी के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नियमित गश्त और चेकिंग के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सड़क पर अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






