जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस का धावा, 12 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार – 3 लाख से ज्यादा कैश बरामद

काशीपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,दीपावली से पहले जुए की फड़ जमाने वालों पर काशीपुर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। गड्ढा कॉलोनी में एक मकान में चल रहे हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे पर पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने छापा मारकर 12 लोगों को ताश की गड्डियों और नोटों की गड्डियों के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।
SSP उधम सिंह नगर के सख्त निर्देश पर अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत CO काशीपुर के नेतृत्व में कोतवाली और SOG टीम ने यह बड़ी कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि चर्चिल जिंदल के गड्ढा कॉलोनी स्थित मकान में लंबे समय से जुए की महफिल सज रही थी। मुखबिर की पुख्ता सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर छापा मारा तो अंदर का नजारा देख पुलिस भी हैरान रह गई। 12 लोग हजारों के दांव लगा रहे थे। मौके से पुलिस ने ₹3,01,620 की नकद रकम और ताश के दो गड्डे बरामद किए हैं।
पुलिस के हत्थे चढ़े ये हैं शौकीन जुआरी –
इस फड़ के सरगना चर्चिल जिंदल (प्रकाश रेजिडेंसी), अंशुल ग्रोवर (डॉक्टर लाइन), अंकित अग्रवाल (वैशाली कॉलोनी), विजय गर्ग और जय गर्ग (मेन मार्केट), गुलफाम (मुरादाबाद), सुभाष अली (गड्ढा कॉलोनी), नितिन कुमार (घास मंडी), वासु गौड़ (विष्णुपुरम), गौरव सोनी (मोहल्ला सिंघान), नमन अग्रवाल (स्टेडियम के पीछे) और आशुतोष तिवारी (चामुंडा विहार) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि शहर में जुआ-सट्टा का कोई भी अड्डा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्योहार सीजन में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और आगे भी ऐसे छापे जारी रहेंगे।






