दीपावली पर पर्यावरण मित्रों को वेतन-बोनस न मिलने पर भड़के काशीपुर के पार्षद, MSWM कंपनी के खिलाफ खोला मोर्चा

दीपावली पर पर्यावरण मित्रों को वेतन-बोनस न मिलने पर भड़के काशीपुर के पार्षद, MSWM कंपनी के खिलाफ खोला मोर्चा
महापौर दीपक बाली की ठेका निरस्तीकरण कार्रवाई को सभी पार्षदों का समर्थन, बोर्ड की विशेष बैठक बुलाकर ठेका रद्द करने का प्रस्ताव लाने की तैयारी
काशीपुर / उत्तराखंड। (रिजवान अहसन)
दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर नगर निगम काशीपुर में तैनात पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मचारियों) को वेतन और बोनस नहीं मिलने का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। इस प्रकरण को लेकर नगर निगम के पार्षदों ने सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभाल रही एमएसडब्ल्यूएम (MSWM) कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में पार्षदों ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए महापौर दीपक बाली द्वारा कंपनी का ठेका निरस्त करने के लिए शुरू की गई कार्रवाई का खुलकर समर्थन किया।
भुगतान के बावजूद कर्मचारियों को वेतन नहीं देने का आरोप
प्रेस वार्ता में पार्षद सीमा सागर, मनोज जग्गा और पुष्कर बिष्ट ने दस्तावेजों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि एमएसडब्ल्यूएम कंपनी नगर निगम पर भुगतान नहीं करने का आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। पार्षदों के मुताबिक, नगर निगम द्वारा कंपनी को एडवांस में चेक के माध्यम से भुगतान किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि अनुबंध के अनुसार कंपनी को पहले अपना बिल प्रस्तुत करना होता है, जिसके बाद नगर निगम भुगतान करता है। कंपनी ने अभी तक केवल सितंबर माह का बिल प्रस्तुत किया है, जबकि अक्टूबर का बिल प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बावजूद निगम ने मानवीय आधार पर कंपनी को भुगतान किया। पार्षदों ने सवाल उठाया कि जब कंपनी को भुगतान मिल चुका था तो कर्मचारियों का वेतन और बोनस क्यों रोका गया?
20 साल के अनुबंध पर भी उठाए सवाल
पार्षदों ने वर्ष 2024 में एमएसडब्ल्यूएम कंपनी के साथ किए गए 20 वर्षीय अनुबंध को भी जांच के दायरे में लाने की मांग की। उनका कहना था कि तत्कालीन अधिकारियों के कार्यकाल में किए गए इस दीर्घकालीन अनुबंध की परिस्थितियों और शर्तों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पार्षदों ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी 20 वर्षों तक किसी निजी कंपनी को सौंपना और उसके बाद कर्मचारियों के वेतन भुगतान में लगातार देरी की शिकायतें सामने आना गंभीर विषय है।
पर्यावरण मित्रों के सम्मान और अधिकारों से समझौता नहीं
पार्षद गुंजन प्रजापति, दीपा पाठक और शाह आलम ने कहा कि पर्यावरण मित्र नगर निगम की सफाई व्यवस्था की रीढ़ हैं। ये कर्मचारी सुबह चार बजे से शहर को स्वच्छ बनाने में जुट जाते हैं। इसके बावजूद दीपावली जैसे पर्व पर उनके परिवारों को वेतन और बोनस के लिए परेशान होना पड़ा, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि जब पूरा शहर दीपावली की खुशियां मना रहा था, तब सफाई कर्मचारियों के परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे। कंपनी के खिलाफ पहले भी वेतन भुगतान में देरी की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में कर्मचारियों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
महापौर दीपक बाली के समर्थन में एकजुट हुए पार्षद
संयुक्त प्रेस वार्ता में पार्षदों ने महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में शुरू की गई कार्रवाई के प्रति एकजुटता जाहिर की। उन्होंने कहा कि 7 फरवरी 2025 को शपथ ग्रहण के बाद से महापौर के नेतृत्व में सभी 40 पार्षद बिना किसी भेदभाव के अपने-अपने वार्डों में विकास कार्य करा रहे हैं।
पार्षदों का कहना था कि महापौर ने पर्यावरण मित्रों की समस्या का संज्ञान लेते हुए कंपनी के खिलाफ ठेका निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की है। सभी पार्षद इस कार्रवाई के साथ खड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकरण को लेकर महापौर की छवि धूमिल करने का प्रयास उचित नहीं है।
बोर्ड की विशेष बैठक में ठेका निरस्त करने का प्रस्ताव लाने की तैयारी
प्रेस वार्ता के अंत में पार्षदों ने आगे की रणनीति स्पष्ट करते हुए बताया कि जल्द ही महापौर से नगर निगम बोर्ड की विशेष बैठक बुलाने का अनुरोध किया जाएगा। बैठक में एमएसडब्ल्यूएम कंपनी का ठेका निरस्त करने का प्रस्ताव लाने की तैयारी है।
इसके साथ ही पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने, पर्यावरण मित्रों का बकाया वेतन और बोनस तत्काल दिलाने तथा भविष्य में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी ऐसी संस्था को सौंपने की मांग की गई, जो कर्मचारियों के हितों और उनके अधिकारों को प्राथमिकता दे।
ये रहे मौजूद
संयुक्त प्रेस वार्ता में पार्षद सीमा सागर, गुंजन प्रजापति, मनोज जग्गा, पुष्कर बिष्ट, दीपा पाठक, शाह आलम, प्रिंस बाली, घनश्याम सैनी, बीना नेगी, अशोक सैनी, सतीश कुमार, सुरेश सैनी, रवि प्रजापति, अनूप प्रताप सिंह, विजय बॉबी, अनिल कुमार, मयंक मेहता, संजय शर्मा और मोनिष सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पार्षद पति सादिक हुसैन और पूर्व पार्षद देव प्रजापति व हनीफ गुड्डू भी उपस्थित रहे। पार्षद अब्दुल कादिर अस्पताल में भर्ती होने तथा कुछ अन्य पार्षदों के शहर से बाहर होने के कारण प्रेस वार्ता में शामिल नहीं हो सके।






