दोस्त को घर छोडने जा रहे छात्रों की तेज रफ्तार सफारी कार अनियंत्रित होकर पलटी

नहटौर। खराब मौसम के चलते दोस्त को घर छोडने जा रहे छात्रों की तेज रफ्तार सफारी कार अनियंत्रित होकर बैरमाबाद गढ़ी में पलट गईं। जिससे कार सवार तीनों छात्र घायल हो गये। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया जिनमें से दो ही हालत को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रैफर कर दिया गया जहाँ उपचार के दौरान एक छात्र की मौत हो गई। साथ ही गाड़ी की चपेट में आने से सड़क किनारे बंधे तीन पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो पशु बुरी तरह जख्मी हो गये। घटना के बाद भीड़ इकट्ठा होने से जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात सामान्य कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र व नगर के मौहल्ला मौलवियान निवासी चचेरे-तहेरे भाई फैसल पुत्र शाहिद व राजा पुत्र जाहिद मौसम खराब होने के कारण अपनी सफारी गाड़ी से गाँव पाडला निवासी अपने मित्र अनस पुत्र आबिद को उसके घर छोड़ने जा रहे थे। गाँव बैरमाबाद गढी में उनकी तेज़ रफ्तार सफारी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में गाडी सवार तीनों युवक घायल हो गये। जिन्हें आनन-फानन में सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहाँ से फैसल व अनस की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। परिजनों ने फैसल को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं अनस को बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उसकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। उधर अनियंत्रित कार द्वारा घर के बाहर बंधे पशुओं को कुचलने से तीन पशुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो पशु गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना में घर के बाहर खड़ी एक बाईक, इंजन व मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की माँग को लेकर नहटौर-हल्दौर रोड पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर यातायात सामान्य कराया। पशुपालकों द्वारा घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।

















