मानवाधिकार आयोग सख्त, फिर भी जांच अधूरी — CMO बिजनौर ने मांगा अतिरिक्त समय
मानवाधिकार आयोग सख्त, फिर भी जांच अधूरी — CMO बिजनौर ने मांगा अतिरिक्त समय
स्योहारा/ बिजनौर- बिजनौर जनपद के CHC स्योहारा में कथित चिकित्सीय लापरवाही से नवजात शिशु की मृत्यु के गंभीर मामले में उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लेते हुए पहले ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), बिजनौर को नोटिस जारी किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयोग द्वारा 06 मार्च 2026 को जारी नोटिस के क्रम में CMO से 17 अप्रैल 2026 तक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।

हालांकि, निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी।
CMO, बिजनौर ने आयोग को सूचित किया कि मामले की जांच अभी लंबित है तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु अतिरिक्त समय की आवश्यकता है।
इस पर संज्ञान लेते हुए मानवाधिकार आयोग ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए:
जांच के लिए समय सीमा बढ़ा दी है , CMO को निर्देशित किया है कि वह 11 मई 2026 तक विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें , मामले की अगली सुनवाई/लिस्टिंग 12 मई 2026 (दोपहर 12:30 बजे) निर्धारित की गई है
गौरतलब है कि यह मामला CHC स्योहारा में प्रसव के दौरान कथित लापरवाही, विशेषज्ञ चिकित्सक की अनुपस्थिति तथा नवजात शिशु की मृत्यु से जुड़ा हुआ है, जिसे मानवाधिकार उल्लंघन के दृष्टिकोण से देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों एवं सामाजिक संगठनों का कहना है कि इस प्रकार के संवेदनशील मामलों में जांच में देरी स्वयं एक गंभीर प्रश्न खड़ा करती है।
अब देखना यह होगा कि विस्तारित समयावधि में प्रशासन निष्पक्ष जांच पूरी कर पाता है या नहीं, तथा दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।
आईरा न्यूज़ नेटवर्क इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।

















