AIRA NEWS NETWORK – सुबह करीब 11:40 पर दिल्ली से पोरबंदर जाने के दौरान ट्रेन बांदीकुई जंक्शन पहुंची। इस दौरान पीछे सीटिंग कोच में एक बैग लावारिस अवस्था में पड़ा दिखा। यात्रियों ने इसकी सूचना ट्रेन के गार्ड को दी। काफी इंतजार के बाद भी कोई भी यात्री बैग नहीं लेने आने पर गार्ड ने मामले की सूचना स्टेशन पर तैनात आरपीएफ स्टाफ को दी। मौके पर पहुंचे आरपीएफ जवानों ने बैग को बाहर निकालकर जांच की तो इसमें पानी की बोतल व कुछ खाने पीने की चीजें मिली।
10 मिनट खड़ी रही ट्रेन:
आरपीएफ हेड कांस्टेबल रमेश गुर्जर ने बताया कि बैग में किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं थी। कोई यात्री बैग को छोड़ गया। इसे जब्त कर लिया गया है। यात्रियों ने बताया कि ट्रेन अलवर से निकलने के बाद यह बैग लावारिस अवस्था में पड़ा हुआ था। इधर-उधर यात्रियों को सूचना देने के बाद भी कोई इसे लेने नहीं आया। इससे ट्रेन में हड़कंप मच गया। इससे ट्रेन करीब 10 मिनट तक बांदीकुई जंक्शन पर खड़ी रही जबकि ट्रेन का 2 मिनट का स्टोपेज है।


















