“साधु” बनकर 2 लाख की हीरे की अंगूठी उड़ाने वाला शातिर गिरफ्तार, बरामद हुआ माल

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खांन निशा ),,,रामनगर रोड पर फ्लाईओवर के नीचे “सम्मोहन” करके 2 लाख की हीरा जड़ित अंगूठी उड़ाने वाले साधु के भेष में घूम रहे शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से लूटी गई अंगूठी भी बरामद हुई है।*क्या था मामला* कोतवाली पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को कवि नगर निवासी हरीश कुमार ने तहरीर दी थी। आरोप था कि अनन्या होटल के पास फ्लाईओवर के नीचे एक साधुनुमा व्यक्ति ने उन्हें बातों में उलझाकर सम्मोहित किया और उनकी हीरा जड़ित सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गया। अंगूठी की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई थी। इस शिकायत पर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।*ऐसे पकड़ा गया आरोपी* एसएसपी उधमसिंह नगर के निर्देश पर एसपी काशीपुर और सीओ काशीपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। मैनुअल पुलिसिंग और मुखबिर की सूचना पर काम करते हुए उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक कौशल भाकुनी, कांस्टेबल किरन कुमार मेहता और इन्द्र कुमार ने सूर्या चौकी से आगे फरीदनगर मार्ग के पास से आरोपी को दबोचा।पकड़े गए आरोपी की पहचान इंडिया नाथ पुत्र किशन नाथ निवासी प्रतीतपुर, कल्याणपुर, धर्मशाला, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। तलाशी में उसके पास से हरीश कुमार की वही हीरा जड़ित सोने की अंगूठी बरामद कर ली गई।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि वह इस तरह की और घटनाओं में शामिल तो नहीं है।






