आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए डबल मज़ा, प्रमोशन भी ऒर पेंशन भी, जल्द होगी घोषणा

काशीपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,श्रीराम जानकी मंडप में रविवार को उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ का 12वां प्रदेश स्तरीय अधिवेशन धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या रहीं।अधिवेशन को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बड़ी राहत देते हुए कहा कि मानदेय वृद्धि का प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन है और जल्द ही इस संबंध में सकारात्मक घोषणा की जाएगी।रेखा आर्या ने बताया कि कार्यकर्ताओं की पदोन्नति की मांग को सरकार ने पहले ही स्वीकार कर लिया है। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर के पद पर प्रमोट किया जा रहा है। इसके अलावा रिटायरमेंट के समय दी जाने वाली एकमुश्त सहायता राशि में भी इजाफा किया जा रहा है, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना न करना पड़े।अधिवेशन की सबसे अहम घोषणा पेंशन को लेकर रही। मंत्री ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए पेंशन योजना पर गंभीरता से कार्य कर रही है। उम्मीद है कि 2026 तक इस योजना पर अंतिम फैसला लेकर इसे लागू कर दिया जाएगा।कार्यक्रम के समापन पर संघ के पदाधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगें और समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ की राष्ट्रीय मंत्री अंजलि पटेल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम, प्रदेश अध्यक्ष उमेश जोशी, महामंत्री सुमित सिंघल, राज्य मंत्री मनजीत सिंह, भगवती बिष्ट, रेणु खोलिया सहित प्रदेश भर से आए सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।






