बिजनौर – शनिवार को ग्राम मदारीपुर ककराला स्थित एक गन्ने के खेत में पडे गुलदार के शव को देख लोगों के होश उड गये। घटना की सूचना ग्राम प्रधान द्वारा क्षेत्रीय वन अधिकारी चांदपुर को दी गई। जिस पर क्षेत्रीय वन अधिकारी चांदपुर बाल सिंह रावत अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे और गुलदार को अपनी अभिरक्षा में लेकर इसकी सूचना डीएफओ बिजनौर को दी। डीएफओ के निर्देश पर उप प्रभागीय वनाधिकारी बिजनौर डॉ.हरेन्द्र सिंह द्वारा मौके का निरीक्षण किया। इस संबंध में उन्होंने बताया कि मृत मादा गुलदार लगभग 3 वर्ष की है।
उसके सिर पर चोट का निशान है तथा अन्य सभी अंग सुरक्षित हैं। घटना के संबंध में विभागीय केस इजारा किया गया है तथा उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशानुसार मृत गुलदार को पोस्टमार्टम हेतु आईवीआरआई बरेली भेजा गया है ताकि मृत्यु के कारण का पता चल सके। उधर डीएफओ अनिल पटेल ने भी मौके पर पहुँचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी वन्य जीवों की उपस्थिति मिलने पर उसकी सूचना वन विभाग को दें। वन्य जीवों के साथ छेड़छाड़ कदापि न करें और अपने स्तर से कोई कार्यवाही न करें। खेतों में खुले कुओं को ढक कर रखें जिससे उसमें वन्य जीव न गिरें। अपने खेतों में किसी वन्य जीव के शिकार के लिए जाल न लगाने दें।
बिजनौर। दो दिन पूर्व हल्दौर थाना क्षेत्र के गाँव गंगोड़ा जट से बरामद किये गए गुलदार के शव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ गई है। जिसमें यह ज्ञात हुआ है कि गुलदार के सिर एवं मुंह के अंदर चोट के निशान पाये गए हैं। इस संबंध में डीएफओ अजय पटेल ने बताया कि इस घटना से जुड़े अभियुक्तों की पहचान हो गई है। अति शीघ्र इन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।


















