बिजनौर – भात देकर लौट रहे भातियों की ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे मौके पर चीख पुकार मच गई। घटना में ट्रक्टर ट्राली पर सवार महिला, पुरुष और बच्चों सहित करीब दो दर्जन लोग घायल हो गये। घायलों को सरकारी एम्बुलेंसों द्वारा नूरपुर और नहटौर के सामुदायिक स्वास्थ केन्द्रों में भिजवाया गया जहाँ से गंभीर रूप घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर किया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर नूरपुर थाना क्षेत्र के गाँव शाहदपुर गुलाल के पूर्व प्रधान संजय कुमार नहटौर थाना क्षेत्र के गाँव कश्मीरी से अपनी बहन सुनिता की पुत्री की शादी में भात देकर ट्रैक्टर ट्राली से बापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नहटौर-नूरपुर मार्ग पर गाँव बल्दाना शफीपुर के पास ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना में सोनम (32 वर्ष), दीपक (20 वर्ष), काजल (16 वर्ष), शारदा (47 वर्ष), नीलम (40 वर्ष), राजवीर (40 वर्ष), पल्लवी (13 वर्ष), आंचल (15 वर्ष), ममता (35 वर्ष), पायल (13 वर्ष), पिंकी (18 वर्ष), लक्षिता (13 वर्ष), गीता (40 वर्ष), संजय (45 वर्ष), आशू (11वर्ष), कुसुम (45 वर्ष), धनवती (45 वर्ष) ,विद्या (55 बर्ष), सुधा (45 बर्ष), हर्ष (12 वर्ष), आयुष (10 वर्ष), शशिबाला (43 वर्ष), लोकेश (15 वर्ष) एवं ममता (17 वर्ष) आदि घायल हो गये।
जिससे मौके पर चीख पुकार मच गई। राहगीरों व ग्रामीणों ने ट्रक्टर ट्राली को सीधा कर घायलों को निकाला तथा घटना की सूचना पुलिस को दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने सरकारी एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को उपचार के लिए नहटौर व नूरपुर सीएचसी भिजवाया। जहाँ से चिकित्सकों ने गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर किया कर दिया है। घटना से घायलों के परिजनों व रिश्तेदारों में कोहराम मचा है। वहीं शादी की खुशियाँ फीकी पड गई है।


















