AIRA NEWS NETWORK – छतरपुर। सिद्ध क्षेत्र बागेश्वर धाम में 10 दिनों तक चलने वाले धार्मिक महा महोत्सव का आगाज आज कलश यात्रा के साथ हो रहा है। 22 से 30 मार्च तक श्री राम कथा की मंदाकिनी का अविरल प्रवाह होगा। इन्हीं दिनों तक 251 कुंडीय विशाल महायज्ञ भी आयोजित किया गया है। क्षेत्र, जिला, प्रदेश और देश की सुख समृद्धि की कामना को लेकर काशी के विद्वान पंडितों की उपस्थिति में महायज्ञ संपन्न होगा। देशभर के प्रख्यात संत भी इस महाकुंभ में शामिल होंगे।
इस महाकुंभ की शुरुआत आज विशाल कलश यात्रा के साथ हो रही है। गढा के भगवान भोलेनाथ के मंदिर से दोपहर 12 बजे हजारों महिलाएं सिर पर कलश रखकर इस यात्रा में शामिल होगी। गांव के मुख्य मार्गो से होती हुई कलश यात्रा आयोजन स्थल तक पहुंचेगी। बैंड बाजों और घोड़ों की थाप के साथ कलश यात्रा आगे बढ़ेगी। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने क्षेत्र और जिले भर के लोगों से इस विशाल महा महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया है। महाराज श्री ने कहा कि बुंदेलखंड का महाकुंभ जनकल्याण के लिए आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कलश यात्रा का महत्व बताते हुए कहा कि कलश यात्रा का अर्थ कैलाश की यात्रा है। कलश यात्रा का एक अर्थ क्लेश मिटाने की यात्रा भी है। जीवन की व्याधियों में उलझे लोग यदि कलश यात्रा में शामिल होते हैं तो उनके जीवन के क्लेश मिटते हैं। उन्होंने इस महा महोत्सव में सभी धर्म प्रेमियों से बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया। विशाल कलश यात्रा के साथ 30 मार्च तक चलने वाली श्री राम कथा की शुरुआत हो रही है। प्रज्ञा चक्षु, प्रातः स्मरणीय, जगतगुरु, पद्म विभूषण, तुलसी पीठाधीश्वर रामभद्राचार्य महाराज के मुखारविंद से श्री राम कथा की मंदाकिनी का अविरल प्रवाह होगा। इस विशाल महोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी है।
विशाल क्षेत्र में लग रहा है सांस्कृतिक मेला:
बागेश्वर धाम में श्री राम कथा तथा 251 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण, श्री सीताराम महायज्ञ के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा विशाल क्षेत्र में सांस्कृतिक मेला आयोजित हो रहा है। संस्कृति के विभिन्न रंगों से सजे मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। सुबह से महायज्ञ दोपहर में श्री राम कथा और रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न होंगे।


















