AIRA NEWS NETWORK – केंद्रीय मंत्री के बेटे ने किसानों पर चढ़ाई कार:अजय मिश्रा और डिप्टी CM को काले झंडे दिखा रहे थे किसान; सांसद के बेटे ने भीड़ पर चढ़ा दी गाड़ी, विरोध में आगजनी, भाकियू का दावा- 3 मरे, 8 घायल, तिकोनिया चौराहे पर किसानों ने काफिले की गाड़ियों में आग लगा दी है।
लखीमपुर खीरी में हेलिपैड पर धरने से शुरू हुआ किसानों का प्रदर्शन हिंसक हो गया है। रविवार सुबह 8 बजे किसानों ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी और डिप्टी CM केशव मौर्य के हेलिकॉप्टर उतरने के लिए तिकोनिया में बनाए गए हेलिपैड को कब्जे में ले लिया गया था। दोपहर 2:45 पर जब सड़क मार्ग से दोनों नेताओं का काफिला तिकोनिया चौराहे से गुजरा तो किसान काले झंडे दिखाने के लिए दौड़ पड़े।
इस दौरान काफिले में शामिल अजय मिश्रा के बेटे अभिषेक मिश्रा ‘मोनू’ ने अपनी गाड़ी किसानों पर कार चढ़ा दी। यह देख किसानों का गुस्सा फूट गया। किसानों ने अभिषेक की गाड़ी के अलावा एक अन्य गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। तोड़फोड़ भी हुई है। पुलिस स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही है। वहीं, घायलों को अस्पताल भेजा गया है। भारतीय किसान यूनियन का दावा है कि 3 किसानों की मौत हो गई है। 8 किसान घायल हैं।
हालांकि इसकी कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन अजय मिश्रा और डिप्टी सीएम को बनवारी गांव से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा है। भाकियू के प्रवक्ता राकेश टिकैत गाजीपुर बॉर्डर से लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गए हैं।


















