बिजनौर – घरेलू विवाद के चलते ससुराल वालों ने एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। पता लगने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने मृतका के पति सहित तीन को हिरासत में लेकर मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
मामला जनपद बिजनौर के थाना स्योहारा के गाँव मंगलखेडा का है। जहाँ के सलमान पुत्र शरीफ की शादी करीब चार माह पूर्व अपने ही मौहल्ले की मरजीना पुत्री इस्लामुद्दीन के साथ हुई थी। बताया जाता है कि पति पत्नी में आये दिन विवाद होता रहता था। शनीवार की रात्रि भी दोनों में विवाद हुआ जिस पर सलमान, उसके पिता शरीफ व माता शबनम ने रात्री में करीब 11:30 बजे मरजीना की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना का पता लगने पर मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतका के परिजनों ने रविवार सुबह करीब 05.30 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी। जिस पर थानाध्यक्ष स्योहारा आशीष तोमर तत्काल मयफोर्स मौके पर पहुँचे। जहाँ पहुंचकर पुलिस ने अभियुक्त सलमान, उसके पिता शरीफ व माता शबनम को हिरासत में लिया तथा मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा। इस संबंध में थानाध्यक्ष स्योहारा आशीष तोमर ने बताया कि मृतका के भाई अरशद की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। उधर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी राम अरज व क्षेत्राधिकारी धामपुर अजय अग्रवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
रिपोर्ट : महकार सिंह तोमर


















