बढ़ापुर थाना क्षेत्र में युवक का शव घर के कमरे में फांसी पर लटका हुआ मिला
बिजनौर – बढ़ापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक का शव घर के ही एक कमरे में फांसी पर लटका हुआ पाया गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। युवक पर कुछ दिन पूर्व बलात्कार का आरोप लगा था जिससे वह परेशान चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामला जनपद बिजनौर के बढ़ापुर थाना क्षेत्र के गाँव अफजलपुर भाऊ उर्फ भाववाला का है। जहाँ उस वक्त सनसनी फैल गई जब गाँव के ही कृपाल के 20 वर्षीय पुत्र गजेन्द्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के ही एक कमरे में फांसी पर लटका हुआ पाया गया। जिसे देखकर परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व गजेंद्र के खिलाफ गांव के ही एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के साथ बलात्कार का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी थी।
जिसके बाद से मृतक युवक काफी परेशान था। जिसका शव घर में ही एक कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। परिजनों ने दूसरे पक्ष पर युवक को फांसी पर लटकाने का भी आरोप लगाया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा युवक के मौत के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
रिपोर्ट : महकार सिंह तोमर


















