सचिव से अभद्रता और मारपीट का मामला, बार एसोसिएशन ने बुलाई हाउस मीटिंग

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,,काशीपुर बार एसोसिएशन के सचिव यशवंत चौहान के साथ चैंबर में अभद्र व्यवहार और बाद में घर जाते समय मारपीट की घटना सामने आई है। इस गंभीर मामले पर विचार विमर्श और आवश्यक निर्णय लेने के लिए 2 जुलाई 2026 को प्रातः 11:30 बजे बार भवन में हाउस मीटिंग बुलाई गई है। हाउस मीटिंग के कारण उस दिन समस्त अधिवक्तागण न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।*क्या है पूरा मामला* बार एसोसिएशन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को सचिव यशवंत चौहान के चैंबर में अधिवक्ता धर्मेंद्र सिंह द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। मामला यहीं नहीं रुका। जब सचिव अपने चैंबर से घर जा रहे थे, तब अधिवक्ता धर्मेंद्र सिंह एवं उनके भाई अधिवक्ता हरगोविंद सिंह द्वारा कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई। *हाउस मीटिंग में होगा फैसला* इस घटना को बार एसोसिएशन ने बेहद गंभीरता से लिया है। अध्यक्ष/सचिव, काशीपुर बार एसोसिएशन की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि उक्त घटना के संबंध में विचार विमर्श एवं आवश्यक निर्णय लिए जाने हेतु 2 जुलाई 2026 को प्रातः 11:30 बजे बार भवन में हाउस मीटिंग आयोजित की जा रही है। *समस्त अधिवक्ताओं से उपस्थिति की अपील* समस्त सम्मानित अधिवक्तागण से अनुरोध किया गया है कि वे उक्त हाउस मीटिंग में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि हाउस मीटिंग के कारण 2 जुलाई 2026 को समस्त अधिवक्तागण सभी न्यायालयों में न्यायिक कार्य तथा रजिस्ट्री कार्यालय में रजिस्ट्री करने से विरत रहेंगे।*बार में आक्रोश* सचिव यशवंत सिंह चौहान के साथ हुई इस घटना के बाद बार एसोसिएशन के सदस्यों में भारी आक्रोश है। अधिवक्ताओं का कहना है कि बार के पदाधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाउस मीटिंग में घटना की निंदा करने के साथ ही आरोपी अधिवक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर निर्णय लिया जा सकता है। *आगे की कार्रवाई पर नजर* फिलहाल बार एसोसिएशन ने मामले को आंतरिक स्तर पर सुलझाने के लिए हाउस मीटिंग बुलाई है। बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर आगे की रणनीति तय होगी। 2 जुलाई को न्यायिक कार्य ठप रहने से वादकारियों को परेशानी हो सकती है।


















