कांवड़ मेला 30 जुलाई से, डीएम मयूर दीक्षित ने दिए 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

हरिद्वार / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,आगामी कांवड़ मेले 2026 की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, जल संस्थान, परिवहन, नगर निगम और आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।*25 जुलाई तक हर हाल में पूरी हों तैयारियां* जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेले को सुगम, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी विभाग अपनी तैयारियां हर हाल में 25 जुलाई 2026 तक पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कांवड़ियों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रहने की संभावना है, इसलिए व्यवस्थाओं में कोई कोताही न बरती जाए।*इस वर्ष 30 जुलाई से 11 अगस्त तक होगा मेला* बैठक में बताया गया कि इस वर्ष कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा। श्रावण मास में लाखों की संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंचकर गंगा जल भरते हैं और अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करते हैं। ऐसे में यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, शौचालय, प्रकाश और ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।*सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस* एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। कांवड़ पटरी मार्ग, हाईवे और शहर के प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सीसीटीवी, ड्रोन और कंट्रोल रूम के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। यातायात डायवर्जन प्लान समय से जारी कर दिया जाएगा ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को असुविधा न हो।*स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन भी अलर्ट* जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अस्थायी चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस और डॉक्टरों की तैनाती समय से करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत और कांवड़ पटरी को दुरुस्त करने को कहा गया। आपदा प्रबंधन विभाग को बाढ़ और बारिश की स्थिति को देखते हुए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। *सभी विभागों में समन्वय के निर्देश* डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि पेयजल, बिजली, साफ सफाई और मोबाइल टॉयलेट की पर्याप्त व्यवस्था हो। कांवड़ियों के लिए विश्राम स्थल और टिन शेड की व्यवस्था भी 25 जुलाई से पहले पूरी कर ली जाए। बैठक में एडीएम, एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक, सीएमओ, ईई लोनिवि, ईई जल संस्थान समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।


















