सिंचाई विभाग की लापरवाही बनी मुसीबत, बरसात में कीचड़ और गड्ढों से राहगीर परेशान

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,,,सिंचाई विभाग द्वारा लक्ष्मीपुर माइनर को कवर करने के लिए खोदी गई सड़क को महीनों बाद भी समतल नहीं किया गया है। सड़क पर ईंट, रोड़ी और मिट्टी डालकर छोड़ देने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात शुरू होते ही यह परेशानी अब जानलेवा साबित हो रही है।*बरसात में बढ़ी दिक्कतें* मोहल्ला कटोराताल पुलिस चौकी के पास मुख्य मार्ग पर माइनर को कवर करने के दौरान सड़क को खोदा गया था। निर्माण कार्य पूरा हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन मरम्मत के नाम पर सिर्फ मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। बारिश होते ही पूरी सड़क कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाती है। जगह-जगह गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में कई ई-रिक्शा और बाइक चालक फिसलकर गिर चुके हैं। बुजुर्गों और स्कूली बच्चों का निकलना सबसे ज्यादा मुश्किल हो गया है।इस मार्ग से कटोराताल क्षेत्र के चार इंटर कॉलेज, चार धार्मिक स्थल और कई प्राथमिक व जूनियर स्कूलों में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रतिदिन आते-जाते हैं। सुबह और छुट्टी के समय यहां लंबा जाम लग जाता है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के कपड़े और जूते रोजाना कीचड़ से सन जाते हैं। बीमार और बुजुर्ग लोगों को ई-रिक्शा वाले भी इस रास्ते पर आने से मना कर रहे हैं।स्थानीय निवासी एवं समाज सेवी रिज़वान अहसन ने कहा, “यह मुख्य मार्ग है। एक तरफ से जाम लगता है तो दूसरी तरफ से एंबुलेंस तक नहीं निकल पाती। विभाग ने सड़क खोदकर अपना काम खत्म कर लिया, अब आम जनता भुगत रही है।” इस संबंध में सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता केशव सिंह ने बताया कि “माइनर को कवर करने का कार्य पूरा हो चुका है। अब कुछ सड़कें नगर निगम और कुछ विभाग द्वारा ठीक कराई जानी हैं। हमने निरीक्षण किया है। बरसात के कारण काम रुक गया था। मोहल्ला कटोराताल की मुख्य सड़क को प्राथमिकता के आधार पर समतल कराने का प्रयास किया जाएगा।स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी और नगर आयुक्त से मांग की है कि बरसात से पहले इस सड़क को तत्काल समतल कर डामरीकरण कराया जाए, वरना किसी दिन कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।


















