बिजनौर – फुलसन्दा पावर हाउस पर तैनात एक संविदा लाइन मैन बिना शटडाउन कराये हाइटेंशन लाइन के पोल पर जा चढा। जिससे करंट की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुँची पुलिस व सहकर्मियों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहाँ उपस्थित चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रैफर कर दिया। जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गाँव राजोपुर सैदपुरी निवासी डालचन्द (40 वर्ष) पुत्र श्याम सिंह फुलसन्दा पावर हाउस पर संविदा लाइन मैन के रूप में तैनात था। शनिवार की सायं करीब चार बजे वह बिना शट डाउन कराये फुलसन्दा-दरबारपुर के मध्य स्थित ग्यारह हजार बोल्ट की लाइन के पास अपनी बाइक खडी करके पोल पर चल गया। जिससे वह लाइन में दौड़ रहे हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस तथा पावर हाउस को दी। आनन फानन में मौके पर पहुँचे पुलिसकर्मियों तथा सहकर्मियों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी अधीक्षक डॉ.मोहित ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों के अनुसार जिस लाइन के पोल पर डालचन्द चढा उसमें कोई फाल्ट नहीं था तथा लाइन ठीक-ठाक चल रही थी और जिस पोल पर वह चढा उस पर कोई जम्फर भी नहीं था। ऐसे में डालचन्द पोल पर क्यों चढा यह प्रश्न उनउत्तरीत है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचित कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। इस संबंध में हलका दारोगा हरवीर सिंह ने बताया कि डालचन्द पोल पर क्यों चढा यह जाँच का विषय है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर के आधार पर जाँच कर कार्यवाही की जायेगी।


















