बिजनौर के विकास को लेकर दिल्ली में गरजे सांसद चंदन चौहान-गडकरी के सामने रखीं वर्षों पुरानी लंबित परियोजनाएं-सम्बंधित अधिकारयों के रवैये पर जताई सख्त नाराज़गी

बिजनौर के विकास को लेकर दिल्ली में गरजे सांसद चंदन चौहान
गडकरी के सामने रखीं वर्षों पुरानी लंबित परियोजनाएं
सम्बंधित अधिकारयों के रवैये पर जताई सख्त नाराज़गी
नई दिल्ली/बिजनौर। बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से लोकसभा बिजनौर से राष्ट्रीय लोकदल के सांसद चंदन चौहान ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र की वर्षों से लंबित महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मजबूती के साथ उठाया। सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

सांसद चंदन चौहान ने हेमराज कॉलोनी स्थित स्मॉल व्हीकल ओवर ब्रिज (SVO) के निर्माण का मामला प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि यह परियोजना वर्षों से लंबित है, जिससे प्रतिदिन लाखों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह किया।
इसके अलावा सांसद ने मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कैलापुर–जसमौर मार्ग पर एसवीओ निर्माण की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसानों की समस्याओं से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि किसानों एवं ग्रामीणों की मांग पूरी तरह जनहित में है और इस पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।

सूत्रों के अनुसार, सांसद चंदन चौहान ने संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता के हितों से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होगी और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान युवा राष्ट्रीय लोकदल के नेता चौधरी शोएब ने कहा कि बिजनौर सांसद चंदन चौहान दिन-रात लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए संघर्ष कर रहे हैं। चाहे सड़क, पुल, रेलवे, किसानों की समस्याएं हों या आम जनता के मुद्दे—सांसद हर विषय को पूरी मजबूती के साथ सरकार के सामने रख रहे हैं।
चौधरी शोएब ने कहा कि सांसद चंदन चौहान की कार्यशैली साफ संदेश देती है कि विकास कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बिजनौर की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें संसद भेजा है, वह उस विश्वास पर पूरी तरह खरे उतर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद के सतत प्रयासों से हेमराज कॉलोनी एवं कैलापुर–जसमौर एसवीओ सहित क्षेत्र की अन्य लंबित परियोजनाओं को भी जल्द मंजूरी मिलेगी और बिजनौर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा।


















