हिरन का शिकार कर रहे दो अभियुक्तों को बिजनौर पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम ने किया गिरफ्तार
बिजनौर – पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम ने हिरन का शिकार कर रहे दो अभियुक्तों को हिरन के शव, सींग व मांस सहित गिरफ्तार कर लिया जबकि उनके अन्य साथी फरार हो गये। अभियुक्तों के विरूद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की गई है।
मामला जनपद बिजनौर का है जहाँ एसपी डॉ.धर्मवीर सिंह द्वारा वन्य जीवों की अवैध तस्करी व व्यापार करने वालों के विरूद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अन्तर्गत मुखबिर की सूचना पर एएसपी ग्रामीण राम अर्ज व क्षेत्राधिकारी अफजलगढ़ के कुशल पर्यवेक्षण में थाना रेहड़ पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्यवाही करते हुए ग्राम लालबाग से दो अभियुक्त कृष्णा और मांगा सिंह निवासी ग्राम लालबाग को हिरन के शव, मांस, सींग के साथ गिरफ्तार किया जबकि इनके अन्य साथी भागने में कामयाब हो गये।
बताया जाता है कि उन्होंने हिरन को मारकर उसके शव को गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया था। स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर जाकर हिरन के शव व कटान के औजारों को बरामद किये। पुलिस ने थाना रेहड़ पर अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार किये गये अभियुक्तों को जेल भेज दिया।


















