आक्रोशित किसानों ने भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष को बंधक बनाया

निराश्रित पशुओं द्वारा फसल की बर्बादी से आक्रोशित किसानों ने भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष को बंधक बनाया
आईरा न्यूज़ नेटवर्क नहटौर से महकार सिंह तोमर
नहटौर। निराश्रित पशुओं से परेशान किसानों ने क्षेत्र के ग्राम ककराला में एक बैठक का आयोजन किया। जिसमें निराश्रित पशुओं द्वारा फसल नष्ट करने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए किसानों द्वारा भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष तिलक राज सैनी को खरी-खरी सुनाते हुए बंधक बना लिया गया। उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन देने के बाद किसानों ने उन्हें एक माँग पत्र सौंपाते हुए मुक्त किया। माँग पत्र में उन्होंने निराश्रित पशुओं से मुक्ति दिलाने को कहा है।
शनिवार को क्षेत्र के गाँव ककराला में आस-पास के क्षेत्र के किसानों ने एक बैठक आहूत की। जिसमें निराश्रित गौवंश द्वारा किसानों की फसलों को बर्बाद करने तथा मरखने हो चुके पशुओं द्वारा लोगों की जान को खतरा होने का मुद्दा छाया रहा। आक्रोशित किसानों ने सूचना भेजकर भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला अध्यक्ष तिलक राज सैनी को बैठक में बुला लिया तथा उन्हें खरी-खोटी सुनाते हुए अपने बीच बैठा लिया। इस दौरान किसानों ने तिलक राय से कहा कि आप की सरकार चल रही है। जिसमें अधिकारियों पर कोई नियन्त्रण नहीं है। अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं और शासन को अनाप-सनाप रिपोर्ट भेज रहे हैं। उधर निराश्रित पशु किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं और ज्ञात हुआ है कि पंचायत सचिवों व ब्लॉक प्रशासन ने सरकार को यह रिपोर्ट भेजी है कि क्षेत्र में कोई निराश्रित पशु नहीं है। इस पर भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष तिलक राज सैनी ने उन्हें बताया कि भाजपा सरकार निराश्रित गौवंश के संरक्षण व प्रबंधन के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार द्वारा लाखों पशुओं को गौशालाओं में शिफ्ट कराया जा चुका है। इसके अतिरिक्त निराश्रित पशुओं को सहारा देने वाले किसानों को 900 रुपये प्रतिमाह प्रति पशु के हिसाब से दिया जा रहा है। साथ ही ग्राम पंचायतों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे स्थाई एवं अस्थाई गौशाला बनाकर आवारा पशुओं का संरक्षण व प्रबंधन करें। उन्होंने लोगों को उनकी बात को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुँचाने तथा उच्चाधिकारियों से बात कर समस्या का निदान कराने का आश्वासन दिया। उनके समझाने पर ग्रामीण शांत हुए एवं उन्होंने तिलक राज को एक मांग पत्र सौंपा जिसमें उन्होंने कहा गया है कि यदि जल्द ही निराश्रित पशुओं का प्रबंधन नहीं किया गया तो किसान आंदोलन करने के लिए बाध्य होगें एवं भाजपा के किसी भी पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि को गाँवों में नहीं घुसने दिया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान दिनेश सैनी, ग्राम प्रधान लल्लावाला सतवीर चौधरी, ग्राम प्रधान ककराला हेमराज सिंह, किसान कलीराम, नरेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, डेविड कुमार, सत्यवीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, राहुल कुमार, रणवीर सिंह, नवल सिंह, राजवीर सिंह, योगेश कुमार, राजाराम सिंह, सुरेंद्र सिंह, संजीव कुमार, दयाराम, हिमांशु कुमार, बंटी आदि उपस्थित ग्रामीण उपस्थित रहे।


















