काशीपुर में भी आखिरकार खुल ही गया कांग्रेस का चुनावी दफ्तर

काशीपुर /उत्तराखंड (रिजवान अहसन ),,,, मतदान से सोलह दिन पहले आखिरकार काशीपुर में कांग्रेस का चुनाव कार्यालय खुल ही गया। चुनाव कार्यालय खुलने के दौरान खास बात यह रही कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, इंडिया गठबंधन जिंदाबाद, सोनिया गांधी जिंदाबाद और राहुल गांधी जिंदाबाद, जैसे ओजस्वी नारे लगा दिये।
आज नैनीताल-ऊधमसिंहनगर संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी के चुनाव कार्यालय का यहां मौहल्ला खालसा स्थित श्री गौड़ सभा भवन में निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत कांग्रेस जनों द्वारा हवन-पूजन के उपरांत संयुक्त रूप से फीता काटकर श्रीगणेश किया गया। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी को भारी वोटों से जिताने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, वरिष्ठ कांग्रेसी अनुपम शर्मा, डा. दीपिका गुड़िया आत्रेय, श्रीमती अलका पाल, मनोज जोशी एडवोकेट, अरुण चौहान, जितेंद्र सरस्वती आदि वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की नीतियों से त्रस्त देश की जनता इस लोकसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का मन बनाए बैठी है। वक्ताओं ने कांग्रेस की नीतियां आमजन तक पहुंचाने का आहवान उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से किया। साथ ही कहा कि देश में अगली सरकार इंडिया गठबंधन की बनेगी।


















