उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने नजीबाबाद के कृष्णा नर्सिंग होम मामले में लिया संज्ञान, CMO बिजनौर को नोटिस जारी
उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने नजीबाबाद के कृष्णा नर्सिंग होम मामले में लिया संज्ञान, CMO बिजनौर को नोटिस जारी
नजीबाबाद/बिजनौर, 29 मई।
नजीबाबाद स्थित कृष्णा नर्सिंग होम में ऑक्सीजन सिलेंडर गिरने से मासूम बच्चे मोहम्मद अज़ान की मृत्यु के मामले में उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने गंभीरता दिखाते हुए संज्ञान लिया है। आयोग ने शिकायत पर प्रारम्भिक सुनवाई करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), बिजनौर को नोटिस जारी कर विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सामाजिक एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता डॉ. तारिक ज़की, राष्ट्रीय जनरल सेक्रेटरी, वर्ल्ड एक्रेडिटेशन ऑफ ह्यूमन राइट्स द्वारा आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नजीबाबाद के एक निजी नर्सिंग होम में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी के कारण ऑक्सीजन सिलेंडर गिरने से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मृत्यु हो गई, जो मानवाधिकारों एवं नागरिकों के जीवन के अधिकार का गंभीर उल्लंघन है।
आयोग ने मामले को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए डायरी संख्या 3876/IN/2026 एवं केस संख्या 10081/24/17/2026 के अंतर्गत पंजीकृत किया है। आयोग के आदेश के अनुसार CMO बिजनौर मामले की जांच कर शिकायतकर्ता को जांच प्रक्रिया में शामिल करते हुए अपनी रिपोर्ट 28 जुलाई 2026 तक आयोग को प्रस्तुत करेंगे। मामले को आगे की सुनवाई हेतु 29 जुलाई 2026 को सूचीबद्ध किया गया है।
शिकायत में नर्सिंग होम प्रबंधन के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तथा जिले के निजी अस्पतालों और नर्सिंग होमों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की गई है।
मानवाधिकार कार्यकर्ता डॉ. तारिक ज़की ने कहा कि यह केवल एक परिवार की व्यक्तिगत त्रासदी नहीं बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुरक्षा मानकों की कथित विफलता का गंभीर मामला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोग की जांच से घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आएंगी तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने भी आयोग द्वारा मामले में संज्ञान लिए जाने का स्वागत करते हुए निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
— आईरा न्यूज़ नेटवर्क
बिजनौर/नजीबाबाद ब्यूरो


















