एस.के. श्रीवास्तव 18वीं बार बने क्षेत्रीय मंत्री

वाराणसी। यू०पी० रोडवेज इम्पलाइज यूनियन वाराणसी क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यसमिति का चुनाव रविवार को कैण्ट बस स्टेशन स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से सम्पन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी मुमताज अहमद की देखरेख में संपन्न कराई गई। चुनाव में वाराणसी क्षेत्र के विन्ध्यनगर, सोनभद्र, गाजीपुर, जौनपुर, चन्दौली डिपो सहित क्षेत्रीय कार्यशाला, प्रशासनिक शाखा, ग्रामीण डिपो, कैण्ट डिपो एवं काशी डिपो के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।चुनाव अधिकारी ने सभी पदों पर सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इसमें मनोज यादव को अध्यक्ष, एस.एन. शुक्ला एवं अजय कुमार सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। एस.के. श्रीवास्तव को लगातार 18वीं बार क्षेत्रीय मंत्री निर्वाचित घोषित किया गया। इसके अलावा अजय कुमार सिंह एवं राजबहादुर सिंह संयुक्त मंत्री, रियाजुद्दीन संगठन मंत्री तथा अमित कुमार मिश्रा कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। साथ ही सात कार्यकारिणी सदस्यों का भी निर्विरोध निर्वाचन किया गया।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के घोषणा होते ही उपस्थित प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए तालियों से स्वागत किया। सभा की अध्यक्षता नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज यादव ने की। इस दौरान संगठन की मजबूती, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान तथा रोडवेज हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम के अंत में पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष रमाशंकर सिंह ने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए यूनियन हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।


















