डिग्री कॉलेज के वॉशरूम में छात्रा की वीडियो बनाने की कोशिश, छात्र संघ अध्यक्ष ने जताई सुरक्षा पर चिंता

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,,राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। महाविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया है कि कॉलेज परिसर के वॉशरूम में गई एक छात्रा का किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा वीडियो बनाने की कोशिश की गई।
छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा द्वारा जारी वीडियो के अनुसार, यह घटना उस समय की है जब कॉलेज में हड़ताल और अन्य गतिविधियां चल रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान एक छात्रा वॉशरूम में गई, जहां उसने देखा कि कोई व्यक्ति खिड़की की ओर से कैमरा अंदर डालकर वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
छात्र संघ अध्यक्ष ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि जिस महाविद्यालय को “शिक्षा का मंदिर” कहा जाता है, यदि वहां भी छात्राएं सुरक्षित नहीं हैं तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन और पुलिस से इस मामले की तत्काल जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जतिन शर्मा ने छात्राओं से भी अपील की है कि वॉशरूम इस्तेमाल करने से पहले आसपास और खिड़कियों की ओर विशेष सतर्कता बरतें। घटना के बाद कॉलेज में छात्राओं के बीच दहशत का माहौल है।


















