मैनपुरी: तेज रफ्तार कार की टक्कर से आरटीओ कर्मचारी की मौत, परिजनों में कोहराम

मैनपुरी: तेज रफ्तार कार की टक्कर से आरटीओ कर्मचारी की मौत, परिजनों में कोहराम
आईरा न्यूज़ नेटवर्क जिला ब्यूरो सुबोध कुमार
मैनपुरी 25 दिसंबर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार रात स्टेशन रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में आरटीओ कार्यालय के कर्मचारी की जान चली गई। मृतक की पहचान एटा निवासी मोहित पुत्र अजब सिंह के रूप में हुई है, जो मैनपुरी आरटीओ ऑफिस में तैनात थे। जानकारी के अनुसार, मोहित रात का खाना खाकर पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी क्रिश्चियन तिराहे के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल मोहित को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अब टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक की तलाश में जुटी है, जबकि इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।





