कन्नौज: निगरानी समितियां स्वयं गंभीरता समझते हुए गांव गांव में सक्रिय भागीदारी निभाएं। ग्रामीणों को कोविड टीकाकरण हेतु प्रेरित किया जाए। निगरानी समितियां बाहर से आने वाले व्यक्तियों की अनिवार्य कोविड जांच कराएं।
उक्त निर्देश आज प्रभारी जिलाधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि/रा) श्री गजेंद्र कुमार द्वारा तहसील सदर के ग्राम भवानीपुर के प्राथमिक विद्यालय में सोशल डिस्टेंसिंग को दृष्टिगत रखते हुए निगरानी समिति एवं ग्रामीणों के साथ आयोजित चौपाल की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित समिति सदस्यों, नाव निर्वाचित ग्राम प्रधान व ग्रामीणों को दिए। उन्होंने निगरानी समितियों को कोविड टीकाकरण में तेजी लाये जाने एवं पूर्ण सक्रियता से ग्रामीण क्षेत्रों में घर घर जाकर बाहर से आने वाले व्यक्तियों की अनिवार्य कोविड जांच कराते हुए जांच पॉजिटिव आने की दशा में मेडिकल किट उपलब्ध कराए जाने एवं कोविड प्रोटोकाल का पूर्णानुपालन कराये जाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
घर-घर भ्रमण के दौरान कोविड के लक्षण युक्त व्यक्तियों को मेडिकल किट उपलब्ध कराते हुए उनकी कोविड जांच कराये जाने एवं सभी को मास्क, सोशल डिस्टेन्सिंग का प्रयोग करने के साथ ही अनावश्यक रूप से घरां से बाहर न निकलने एवं शासन व प्रशासन द्वारा जनहित में जारी निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन कराये जाने हेतु भी प्रेरित किया। ग्राम में मौके पर कोविड जांच समिति भी उपस्थित थी जिनके द्वारा मौके पर कोविड जांच की गई एवं कोविड से बचाव के तरीके भी बताए गए।
मौके पर उपजिलाधिकारी सदर, निगरानी समिति के सदस्य,नव निर्वाचित ग्राम प्रधान, संबंधित ग्राम विकास अधिकारी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।


















