
Share Market Update: अमेरिका में अनुमान से पहले ब्याज दरें (Fed Reserve Rate Hike) बढ़ाए जाने की आशंका के चलते दुनिया भर के बाजारों पर प्रेशर बना हुआ है. इसके कारण सोमवार को भी घरेलू बाजार गिरावट में हैं. कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स 250 अंक से ज्यादा गिर गया. विदेशी निवेशक (FPI) घरेलू बाजार से लगातार पैसे निकाल रहे हैं. पिछले सप्ताह की बड़ी गिरावट से बाजार के उबर पाने की कम गुंजाइश दिख रही है.
सोमवार को प्री-ओपन सेशन से ही घरेलू बाजार लाल निशान में रहे. जैसे ही सेशन की शुरुआत हुई, बीएसई सेंसेक्स 250 अंक से ज्यादा गिरकर 58,800 अंक से नीचे आ गया. शुरुआती कारोबार में एनएसई निफ्टी 0.44 फीसदी गिरकर 17,550 अंक से नीचे कारोबार कर रहा था.
इससे पहले पिछले सप्ताह सेंसेक्स में 2000 अंक से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. शुक्रवार को कारोबार समाप्त होने के बाद सेंसेक्स 427.44 अंक (0.72 फीसदी) गिरकर 59,037.18 अंक पर और निफ्टी 139.85 अंक (0.79 फीसदी) की गिरावट के साथ 17,617.15 अंक पर बंद हुआ था.
अमेरिका में फेडरल रिजर्व अनुमान से पहले ब्याज दरें बढ़ा सकता है. इस सप्ताह फेडरल रिजर्व की एक अहम बैठक होने वाली है. बुधवार को समाप्त हो रही इस बैठक में ब्याज दरें बढ़ाए जाने के बारे में साफ संकेत मिल सकते हैं. इसके चलते इन्वेस्टर्स बिकवाली कर रहे हैं. घरेलू बाजार में भी यह ट्रेंड साफ दिख रहा है. एफपीआई लगातार पैसे निकालने में लगे हुए हैं. शुक्रवार को एफपीआई ने 3,148.58 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की.




























