मानवता शर्मसार: बिजनौर में दरिंदे ने 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ किया दुष्कर्म
बिजनौर – एक वहशी दरिंदे ने 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर मानवता को शर्मसार कर दिया। दिनदहाड़े दुष्कर्म की घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। एसपी डॉ.धर्मवीर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
मामला जनपद बिजनौर के हल्दौर थाना क्षेत्र के एक गाँव का है जहाँ पर पड़ौस के ही एक कामांध युवक ने 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ अपना मुंह काला किया और घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। रोती बिलखती बच्ची ने घटना के संबंध में जब अपने परिजनों को जानकारी तो वे आक्रोशित हो गये। घटना से आहत बच्ची के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए स्थानीय पुलिस ने बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा और घटना स्थल पर पहुँचकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक बिजनौर डॉ.धर्मवीर सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा किया तथा पीडिता को इंसाफ दिलाने के लिए स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ.धर्मवीर सिंह इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि हल्दौर थानाक्षेत्र के एक गाँव में 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्जकर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में ले जाकर आरोपी को शीघ्र सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : महकार सिंह तोमर


















