गृहक्लेश से तंग रिटायर दारोगा के पुत्र ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
बिजनौर – गृहक्लेश के चलते रिटायर्ड दरोगा के पुत्र ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक ने हल्दौर में गारमेंट्स की दुकान खोल रखी थी। जहाँ उसने रविवार की दोपहर 315 बोर के तंमचे से खुद को गोली मार ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला जनपद बिजनौर के हल्दौर कस्बे का है जहाँ गाँव सुल्तानपुर निवासी सेवानिवृत्त दारोगा ब्रह्मपाल सिंह गुर्जर के बत्तीस वर्षीय पुत्र गजेन्द्र सिंह ने मौहल्ला ठांठ मोहरा में नागर गारमेंट्स के नाम से कपडे की दुकान खोल रखी थी। रविवार दोपहर उसने अपनी ही दुकान पर 315 बोर के तंमचे से खुद के सिर में गोली मार ली। गोली की आवाज़ से मार्केट में अफरा-तफरी मच गई तथा आस-पास के दुकानदार दौडकर मौके पर पहुंचे जहाँ खून से लथपथ युवक के शव को देखकर वे हतप्रभ रह गये।
दुकानदारों ने घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुँची पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सीटी प्रवीण रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टिया घरेलू कलह की बजह से युवक द्वारा आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। विधिक कार्यवाही की जा रही है।
रिपोर्ट : महकार सिंह तोमर


















