पूर्व चेयरमैन अली अदनान को जनपद बिजनौर के राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष की कमान
बिजनौर – रालोद के नवागत मुख्या जयंत चौधरी ने 2022 के चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए संगठन में विभिन्न स्तरों पर बदलाव किया है। इस क्रम में उन्होंने जनपद के कदावर नेता व मंडावर के पूर्व चेयरमैन अली अदनान को जनपद बिजनौर की कमान सौंपते हुए राष्ट्रीय लोकदल का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
अली अदनान जयंत चौधरी के बेहद करीबी व विश्वसनीय माने जाते हैं और वे राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा के प्रबल पैरोकार है। विचारधारा से प्ररित होकर अली अदनान ने 2004 में रोलोद का दामन थामा था तथा उनके पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए रालोद-सपा की गठबंधन सरकार के समय पार्टी ने उन्हें जिला प्रमुख महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी। 2006 में अली अदनान ने रालोद के सिम्बल पर मंडावर नगर पंचायत चेयरमैन पद का चुनाव लड़ा तथा भारी मतों से अपनी जीत दर्ज कराई।
उसी समय पार्टी ने वर्तमान सांसद मलूक नागर को युवा राष्ट्रीय लोकदल का राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा अली अदनान को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया। 2007 में होने वाले विधान सभा चुनावों के लिए पार्टी ने अली अदनान को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए जिला अलीगढ़ का टिकट वितरण प्रभारी नियुक्त किया।
तभी से अली अदनान निरंतर प्रदेश के कई जिलों के रालोद प्रभारी रह चुके हैं तथा जिला बिजनौर के हाल ही में हुए जिला पंचायत चुनाव की टिकट चयन समिति के सदस्य रहे हैं। पार्टी हित के लिए निरंतर क्रियाशील व समर्पित रहने के चलते ही उन्हें बिजनौर जनपद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबन्ध में अली अदनान ने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें पार्टी ने सौंपी है उसका निर्वहन वे पूर्व की भांति सत्य, निष्ठा व ईमानदारी से करेगें।
रिपोर्ट : महकार सिंह तोमर


















