PM मोदी के वाराणसी दौरे के बीच ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल, महावीर चौराहे पर जाम से जनता परेशान

ऋचा मधुकर की खास रिपोर्ट
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे के दौरान जहां शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के कड़े इंतजामों का दावा किया जा रहा है, वहीं महावीर चौराहे पर लंबा जाम लगने से व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आई। घंटों जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौराहे पर तैनात दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी जाम हटाने के बजाय लापरवाही करते रहे। जब लोगों ने यातायात सुचारु कराने को कहा तो दोनों पुलिसकर्मियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। नाम पूछने पर भी उन्होंने अपना परिचय देने से इंकार कर दिया। आरोप है कि दोनों बिना नेम प्लेट के ड्यूटी करते पाए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरी घटना पास स्थित मंदिर के CCTV कैमरे में कैद हो गई है। अब स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से फुटेज की जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रधानमंत्री के दौरे जैसे संवेदनशील अवसर पर शहर के प्रमुख चौराहे पर जाम और पुलिसकर्मियों के कथित गैरजिम्मेदार रवैये ने यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनता का कहना है कि यदि वीआईपी दौरे के दिन यह हाल है, तो आम दिनों में व्यवस्था कैसी रहती होगी।


















