बिजली का करंट लगने से मासूम की दर्दनाक मौत
ब्रेकिंग न्यूज – बिजनौर/नूरपुर
बिजली का करंट लगने से मासूम की दर्दनाक मौत
रिपोर्ट: अमीन अहमद
बिजनौर/नूरपुर: जनपद बिजनौर के थाना नूरपुर क्षेत्र के ग्राम मोजाहिदपुर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। घर के ऊपर से गुजर रही 440 वोल्ट की नंगी बिजली लाइन के संपर्क में आने से 16 वर्षीय दिलशाद पुत्र फुरकान की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिलशाद शाम करीब 4:30 बजे किसी काम से अपने घर की छत पर गया था। तभी अचानक नंगे तारों की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि तीन घंटे बीत जाने के बावजूद बिजली विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
घटनास्थल पर पहुंचे नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम अवतार सैनी ने परिजनों को ढांढस बंधाया और गांव से गुजर रही इस खतरनाक बिजली लाइन को हटाने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह लाइन लगभग 20 घरों के ऊपर से नंगी हालत में गुजर रही है, जिससे रोजाना जान का खतरा बना रहता है। लोगों ने बिजली विभाग से इस लाइन को तत्काल हटाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
(आईरा न्यूज़ नेटवर्क – खबर वही जो हो सही)


















