मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया काशीपुर का दौरा, एरोमा पार्क-EMC समेत कई प्रोजेक्टों का किया निरीक्षण

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा),,,,मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शनिवार को अपने एक दिवसीय काशीपुर भ्रमण के दौरान जिले के महत्वपूर्ण औद्योगिक और इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्टों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैनुफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) पार्क, एस्कॉर्ट फार्म स्थित सिडकुल क्षेत्रीय कार्यालय, हेमपुर नेपा फार्म की 803 एकड़ सिडकुल भूमि, फोर लेन काशीपुर-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और काशीपुर बाईपास रिंग रोड की प्रगति का जायजा लिया। *EMC प्रोजेक्ट: 22 प्लॉट बिके, 45 करोड़ की मांग शासन को भेजी* सिडकुल निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक विपिन कुमार ने बताया कि 133 एकड़ में फैले EMC में कुल 56 प्लॉट हैं, जिनमें से 22 प्लॉट बिक चुके हैं और शेष प्लॉट इन्क्वारी में हैं। उन्होंने बताया कि 177 करोड़ का यह EMC प्रोजेक्ट पेयजल निगम द्वारा बनाया जा रहा है। कार्यदायी संस्था पेयजल निगम ने अवशेष 45 करोड़ रुपये की मांग शासन को भेजी है। धनराशि मिलने पर प्रोजेक्ट का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। मुख्य सचिव ने EMC परिसर में पौधारोपण भी किया। *803 एकड़ सिडकुल भूमि का निरीक्षण* इसके बाद मुख्य सचिव ने हेमपुर नेपा फार्म में सिडकुल की 803 एकड़ भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों से भूमि उपयोग व भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। *काशीपुर-रामनगर NH: 494 करोड़ की लागत, टेंडर हो चुका* फोर लेन स्वीकृत काशीपुर-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के निरीक्षण दौरान अधीक्षण अभियंता एनएच हरीश पंगती ने बताया कि 5.75 किमी से रामनगर की ओर 18.26 किमी फोर लेन स्वीकृत है जिसकी लागत 494.45 करोड़ है। उन्होंने बताया कि कार्य का टेंडर हो चुका है, भूमि मुआवजा वितरण प्रक्रिया में है व वन भूमि हस्तांतरण प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। सैद्धांतिक स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा। मुख्य सचिव ने NHAI से बाईपास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। *ये अधिकारी रहे मौजूद* इस दौरान उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, आरएम सिडकुल विपिन कुमार, अधिशासी अभियंता महेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेन्द्र नवानी, तहसीलदार पंकज चन्दोला आदि मौजूद थे।


















