AIRA NEWS NETWORK – आंध्रप्रदेश के तिरुपति स्थित तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (Tirumala Tirupati Devasthanams-TTD) ने गुरुवार को अपना 2022-23 का बजट पेश किया. तिरुमाला के प्राचीन भगवान वेंकटेश्वर मंदिर (Lord Venkateswara Temple) के संचालन बोर्ड ने 2022-23 के सालाना बजट में 3,096.40 करोड़ रुपए की आमदनी का अनुमान लगाया है.
बजटीय बैठक (TTD Budget Meeting) में अगले 12 महीने की वित्तीय योजना की समीक्षा के बाद टीटीडी बोर्ड (TTD Board) के चेयरमैन वाई वी सुब्बा रेड्डी और कार्यकारी अधिकारी केएस जवाहर रेड्डी ने मीडिया कर्मियों को बताया कि बोर्ड ने वार्षिक बजट को मंजूरी दे दी है.
मंदिर के सालाना राजस्व में से करीब 1,000 करोड़ रुपये पवित्र ‘हुंडी’ (दान-पात्र) में श्रद्धालुओं से मिलने का अनुमान है. राष्ट्रीयकृत और निजी बैंकों में जमा पर ब्याज करीब 668.5 करोड़ रुपए ब्याज मिलेगा.इसी तरह विभिन्न टिकटों की बिक्री से 362 करोड़ रुपये और ‘लड्डू प्रसादम’ (Tirupati Laddoo Prasadam) की बिक्री से 365 करोड़ रुपए का राजस्व मिलने का अनुमान बजट में लगाया गया है.
126 करोड़ रुपए की कमाई:
इसके अलावा टीटीडी को लोगों के ठहरने के स्थान और मैरिज हॉल के किराए से 95 करोड़ और श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए बालों की बिक्री से 126 करोड़ रुपये के प्राप्त होने की उम्मीद है. वहीं विभिन्न सेवाओं पर बोर्ड का 1,360 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान भी बजट में लगाया गया है.
इसलिए करते हैं भक्त बालों का दान:
तिरुपति बालाजी मंदिर के बारे में मान्यता है कि जो भक्त यहां आकर बाल दान करता है उससे उसे देवी लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है. उसकी सारी परेशानी खत्म हो जाती है. मान्यता है कि जो मनुष्य मन से सभी पाप और बुराइयों को यहां छोड़ जाता है उसके सभी दुख देवी लक्ष्मी हर लेती हैं. इसलिए यहां सभी बुराइयों और पापों के रूप में लोग अपने बाल छोड़ जाते हैं. तिरुपति मंदिर में प्रतिदिन करीब 20 हजार लोग बाल दान करके जाते हैं. इस कार्य को सम्पन्न करने के लिए मंदिर परिसर में करीब छह सौ नाइयों को रखा गया है.


















