भड़काऊ पोस्ट डालने पर प्रधान को तत्काल गिरफ्तार कर संबन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान

बिजनौर। ब्लॉक आकू की ग्राम पंचायत फरीदाबाद उर्फ फरीदपुर के ग्राम प्रधान द्वारा एक स्थानीय ह्वाइटएप ग्रुप में सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली भडकाऊ पोस्ट डाल दी। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस उच्चाधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को आरोपी के विरुद्ध तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निर्देश पर अम्ल करते हुए स्थानीय पुलिस ने आरोपी ग्राम प्रधान को तत्काल गिरफ्तार कर लिया तथा संबन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार के अनुसार फरीदाबाद उर्फ फरीदपुर के ग्राम प्रधान फरमान अहमद ने बुद्धवार देर सांय एक स्थानीय ह्वाइटएप ग्रुप में सांप्रदायिक सौहार्द को खराब करने वाली विवादित वीडियो अपलोड कर दी। जिस पर ग्रुप के अन्य मेम्बर्स ने इस पर प्रतिक्रियाएं देते हुए ग्रुप में इस प्रकार की विवादित पोस्ट न करने की नसीहत दी। बताया जाता है कि उक्त ग्रुप से पुलिस के उच्चाधिकारी भी जुड़े थे। मामला संज्ञान में आते ही उच्चाधिकारियों ने कोतवाल नहटौर राधेश्याम को आरोपी ग्राम प्रधान के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिस पर हरकत में आई स्थानीय पुलिस ने ग्राम प्रधान फरमान अहमद को रात्रि में ही तत्काल गिरफ्तार कर लिया तथा उसके विरूद्ध संबन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। इस संबंध में कोतवाल राधेश्याम ने बताया कि आरोपी ग्राम प्रधान फरमान के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर चालान कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से संयम से काम लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि किसी भी ग्रुप में कोई आपत्तिजनक या भडकाऊ पोस्ट डाली गई तो पोस्टकर्ता को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा।


















