पेपर मिल के यार्ड में लगी भीषण आग, अग्निशमन के छूटे पसीने, 6 घंटे में पाया काबू

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,अलीगंज रोड स्थित प्रोलिफिक पेपर्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में रविवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग फैक्ट्री के वेस्ट पेपर यार्ड में लगी, जो देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे फायर स्टेशन काशीपुर को पीएफटी सेट के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह के निर्देशन में फायर यूनिट तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि वेस्ट पेपर यार्ड में आग तेजी से फैल रही थी। मौके पर पहले से ही बहल पेपर मिल की फायर टेंडर यूनिट आग बुझाने में जुटी हुई थी। काशीपुर फायर यूनिट ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए मोटर फायर इंजन से होज पाइप के जरिए पंपिंग शुरू की।
दोनों फायर यूनिट्स ने संयुक्त रूप से लगातार करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के लिए जेसीबी मशीन की भी सहायता ली गई, जिससे जले हुए पेपर को हटाकर आग को पूरी तरह समाप्त किया जा सका।
इस अग्निकांड में लगभग 500 से 600 टन वेस्ट पेपर जलकर राख हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
*** अग्निशमन टीम में शामिल कर्मचारी
चालक सुमित पवार, फायरमैन कृपाल सिंह, फायरमैन बलवंत तोमकयाल, फायरवूमेन रजनी और फायरवूमेन ज्योति।
प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


















