पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में सभासदों ने विकास संबंधी प्रस्तुत विभिन्न प्रस्ताव पारित

विकास अग्रवाल की रिपोर्ट
नगीना। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक मे नगर में हो रहे विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की गई तथा सभासदों ने विकास संबंधी विभिन्न प्रस्तावों को बैठक में प्रस्तुत किये जिनको सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।
बुधवार को नगरपालिका के सभागार में चेयरपर्सन ताहिरा खलील की अध्यक्षता व अधिशासी अधिकारी राजकुमार की मौजूदगी व मुख्य लिपिक मदनपाल सिंह के संचालन में संपन्न हुई बोर्ड की बैठक में नामित सभासदो ने नगीना के एम एम इंटर कॉलेज के मैदान में मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने, सामूहिक कार्यों के लिए वाटर बॉक्स में कम्युनिटी हॉल बनाने तथा नगर के उचित स्थान पर भव्य घंटाघर का निर्माण कराने की मांग रखी जिसे समस्त सभासद ने ध्वनिमत से पारित किया। नगर पालिका द्वारा बनाई गई दुकानों का आवंटन करने, प्रस्तावित नलकूपों को बनाए जाने, कीटनाशक का छिड़काव करने रामलीला बाग से चुंगी तक खस्ताहाल हो गई सड़क की मरम्मत कराने, मंदिर मार्ग पर लाइट लगवाने व उचित स्थानों पर कूड़ेदान लगवाने तथा नगर के प्रवेश मार्गों को सही कराने संबंधी विभिन्न प्रस्ताव पटल पर रखे गए जिन्हें ध्वनि मत पारित किया गया। बैठक में नगर की सड़कों, बिजली व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति समस्या पर भी चर्चा कर सुधार लाने की मांग की गई। बैठक में मुख्य लिपिक मदन पाल सिंह, धीरज राय वर्मा, इफ्तिखार जैदी, मुनीर आलम, असलम व तलत सहित नगर पालिका बोर्ड के निर्वाचित सभासद मुअज्जम रियाजी, गोपाल शर्मा सहित सभी सभासद व नामित सभासदो में अजित अग्रवाल, प्रमोद चौहान, शिव शंकर सकसेना, संजय शर्मा व महावीर सैनी मौजूद रहे।
















