काशीपुर में दबंगों का कहर, दुकान में घुसकर महिला का हाथ तोड़ा, बेटा-बेटी को भी पीटा

काशीपुर / नसरीन खान निशा ),,,,ढकिया गुलाबो क्षेत्र में दुकान में घुसकर महिला दुकानदार और उसके बच्चों के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला का हाथ फ्रैक्चर कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।क्या है पूरा मामला -पुलिस को दी गई तहरीर में शांति देवी पत्नी चौखे लाल, निवासी ढकिया गुलाबो, काशीपुर ने बताया कि वह ढकिया में एस.पी. सैनी फोटो स्टूडियो के नाम से दुकान चलाती हैं।पीड़िता के अनुसार बीती 2 अगस्त को शाम करीब 7 बजे वह अपनी दुकान पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान ओमप्रकाश सैनी के दो पुत्र शंकर सैनी और अंकुश सैनी दुकान के बाहर आ गए और अकारण अभद्र गाली-गलौज करने लगे।शांति देवी ने जब गाली देने का विरोध किया तो दोनों आरोपी आग-बबूला हो गए और दुकान के अंदर घुस आए। आरोप है कि दोनों ने महिला के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।दुकान से चीख-पुकार की आवाज सुनकर बचाव के लिए पहुंचे पीड़िता के पुत्र दिनेश सिंह और पुत्री शीतल के साथ भी आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की।पीड़िता का आरोप है कि इस मारपीट में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि उसके बेटे और बेटी को भी गंभीर चोटें आई हैं। जान से मारने की धमकी देकर फरार -तहरीर में पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद जाते-जाते दोनों आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों शंकर सैनी और अंकुश सैनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है, जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।


















