वनारक्षित भूमि पर बनी अवैध मस्जिद पर चला प्रशासनिक बुलडोज़र

रामनगर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,,,नैनीताल जिले में रामनगर के कोसी नदी किनारे रिज़र्व फ़ॉरेस्ट क्षेत्र में किए गए बड़े पैमाने के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई में वन विभाग और प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुछड़ी बस्ती क्षेत्र में आरक्षित वन भूमि पर बनी धार्मिक संरचनाओं के साथ एक बड़ी मस्जिद को नोटिस जारी करने के बाद ध्वस्त कर दिया गया।
वन विभाग के अनुसार, तीन दिन पूर्व जारी नोटिस के आधार पर यह कार्रवाई की गई। विभाग ने बताया कि लगभग दो हजार वर्ग फुट से अधिक क्षेत्रफल पर अवैध रूप से मस्जिद का निर्माण किया गया था।
वन विभाग ने पहले चरण में करीब 64 एकड़ रिज़र्व वन भूमि को मुक्त कराया है। दूसरे चरण में लगभग 100 एकड़ क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाना प्रस्तावित है। विभाग ने मुक्त कराई गई भूमि को सुरक्षा के लिए तारबाड़ लगाकर संरक्षित करना भी शुरू कर दिया है।
कोसी नदी किनारे बसे पुछड़ी क्षेत्र में अवैध ढंग से जमीन कब्जाने से जुड़े कई वीडियो सामने आए थे, जिनमें कुछ व्यक्तियों द्वारा भूमि खरीद-फरोख्त और कथित लेनदेन का उल्लेख था। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बातचीत के दौरान किए गए वीडियो रिकॉर्डिंग भी जांच का हिस्सा हैं।





