गंगा स्नान पर हंगामा! डायवर्जन पर रोका तो महिला ने ASI को जड़ दिया थप्पड़, पति बोला – मैं मेजर हूँ, कार सीज, दोनों हिरासत में

हरिद्वार / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन),,,,,
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान गंगा स्नान करने गुरुग्राम से हरिद्वार आए एक दंपती का यातायात पुलिस से जमकर टकराव हो गया। डायवर्जन पॉइंट पर कार रोकने से नाराज महिला ने ड्यूटी पर तैनात ASI को थप्पड़ मार दिया, वहीं पति ने खुद को मेजर बताकर रौब झाड़ने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उनकी कार सीज कर दी है।

घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे सिंहद्वार स्थित बैरागी कैंप डायवर्जन पॉइंट की है। यहां यातायात पुलिस के ASI नवनीत त्यागी की ड्यूटी लगी थी।
इसी दौरान दिल्ली की ओर से गुरुग्राम नंबर की कार (HR 26 GD 4715) वहां पहुंची। ASI ने कार चालक को यातायात व्यवस्था के तहत बैरागी कैंप की ओर जाने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि चालक ने निर्देशों की अनदेखी करते हुए बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।
महिला ने मारा थप्पड़, पति ने दिखाई धौंस
ASI ने जब चालक को समझाने का प्रयास किया तो कार में सवार महिला और उसका पति भड़क गए। दोनों कार से नीचे उतरकर पुलिसकर्मी से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने लगे।
आरोप है कि इस दौरान चालक ने अपना नाम रुद्र बताते हुए खुद को मेजर बताया और ASI को धमकाने लगा। वहीं, उसकी पत्नी ने अभद्रता करते हुए ASI को थप्पड़ मार दिया।
मौके पर विवाद बढ़ने पर ASI के साथी पुलिसकर्मी भी पहुंच गए और बीच-बचाव किया। सूचना मिलने पर कनखल कोतवाली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दंपती को हिरासत में लेकर उनकी कार सीज कर दी। महिला के कुछ अन्य साथी भी मौके पर पहुंचे थे।
पीड़ित ASI नवनीत त्यागी ने कनखल कोतवाली में लिखित तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक के साथ मारपीट और धमकी देने के आरोप में कार्रवाई की मांग की है। ASI के मुताबिक घटना का वीडियो भी मौजूद है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है।
फिलहाल हिरासत में लिए गए पति-पत्नी से थाने में पूछताछ की जा रही है।






