बिजनौर – कस्बा शेरकोट में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज द्वारा दूरभाष पर संगठन के शाखा अध्यक्ष से अभद्र व्यवहार करने सहित कई समस्याओं को लेकर सफाई कर्मचारियों ने पालिका में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने एक बैठक कर नगर में जुलूस निकाल कर अधिशासी अधिकारी धर्मराज राम के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद पालिका कर्मचारी नगर पालिका में पहुँचकर धरने पर बैठ गए।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी धर्मराज को एक 9 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपकर कर्मचारियों की समस्या के समाधान की माँग की। सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय सचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी बब्लू बाल्मीकि और प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह बाल्मीकि ने अधिशासी अधिकारी को चेतावनी दी कि यदि उन्होंने दस दिन के अंदर सफाई कर्मचारियों की 9 सूत्री मांगे पूरी नहीं की तो मजबूर होकर नगर के समस्त सफाई कर्मचारी सफाई का काम बंद करके धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगें। जिनकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन और जिला प्रशासन की होगी।
रिपोर्ट : महकार सिंह तोमर


















