घरौंडा – 15 अगस्त, स्थानीय अनाज मंडी में 75वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़ी धूम-धाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर घरौंडा की एसडीएम डा. पूजा भारती ने ध्वजारोहण किया तथा परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा रंगारग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घरौंडा की टीम परेड में प्रथम रही। इस मौके पर विभिन्न संस्थाओं, सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों के 50 व्यक्तियों को सम्मानित किया।
इस मौके पर एसडीएम ने कहा कि आजादी के इस पावन दिवस के साथ इतिहास के एक लम्बे दौर की गौरव गाथा जुड़ी हुई है। आज ही के दिन 15 अगस्त 1947 को हमने आजादी प्राप्त की थी। यह आजादी हमें सहजता से नहीं मिली है, इसको प्राप्त करने के लिए हमारे देश के असंख्य वीर-जवानों, रणबाकुरों, स्वतन्त्रता सैनानियों एवं देश भक्तों ने एक बड़ी कीमत चुकानी पड़ी थी। यह एक ऐसा आजादी का युग था, जो दुनिया के इतिहास में पहली बार त्याग, बलिदान और अंहिसा के बल पर लड़ा गया। एक तरफ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में अंहिसा के रास्ते पर चलते हुए आजादी की लडाई लडी गई, दूसरी ओर सरदार भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरू जैसे अनेक क्र ान्तिकारियों ने हंसतें-हंसते फांसी का फंदा चूमकर अपने प्राणों का बलिदान दिया।
आजाद हिन्द फौज के निर्माता सुभाष चन्द्र बोस का यह नारा तुम मुझे खून दो – मैं तुम्हे आजादी दूंगा से प्रभावित होकर अनेक देशभक्त अपना सब कुछ त्याग कर आजादी के आन्दोलन में कूद पड़े और देश के लिए शहीद हो गए । उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा विकासात्मक परियोजनाओं एवं जन कल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ देश के सैनिकों, सुरक्षा कर्मियों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, इसके अलावा सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी कारगर कदम उठाएं है, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त में गैस सिलेंडर वितरित करके महिलाओं को प्रदूषण मुक्त जीवन व्यतीत करने का अवसर प्रदान किया है। प्रगति के इस दौर में हरियाणा प्रदेश ने भी चंहुमुखी उन्नति की है। आज हरियाणा विकास के मामले में अन्य प्रदेशों की अपेक्षा काफी आगे है। विकास की इस श्रृंखला में घरौंडा क्षेत्र भी निरंतर आगे बढ़ रहा है।
एसडीएम ने कहा कि सरकार द्वारा स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ तथा जल बचाओ अभियान को आरम्भ करके सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया है। सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों से लोगों में एक जागृति आई है। लोग स्वच्छता के महत्व को समझ गए है। मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि घरौंडा खंड के गांव शत-प्रतिशत खुले में शौच से मुक्त हो गए है और शहरी क्षेत्र भी लगभग खुले में शौच से मुक्त हो गया है।
ये हुए सम्मानित
स्थानीय अनाज मंडी में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर परेड में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घरौंडा प्रथम, हरियाणा पुलिस की टुकड़ी दूसरे तथा राजकीय मॉर्डन वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल घरौंडा की टुकड़ी तीसरे स्थान पर रही तथा वेल्कम पार्थ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को स्वागत गीत, राजकीय मॉर्डन वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल घरौंडा के विद्यार्थियों को योगा और सूर्य नमस्कार करने पर, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घरौंडा के विद्यार्थियों को हरियाणवी गीत पर, एमआईएस को देशभक्ति गीत प्रस्तुत करने व रंगोली करने पर तथा सैंचुरी स्कूल के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय गान प्रस्तुत करने पर सम्मानित किया।
यह रहे उपस्थित
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में मार्किट कमेटी घरौंडा के चेयरमैन रमेश बैरागी, बीडीपीओ अंग्रेज मोर, तहसीदार रमेश अरोड़ा, मार्किट कमेटी के सचिव अशोक शर्मा, बीईओ सुदेश ठुकराल, सुरेन्द्र जैन, सतीश बजाज, नगरपालिका के पूर्व चेयमैन सुभाष गुप्ता, अनुराधा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


















